News

समस्त मतदेय स्थलों पर 22 फरवरी को चौथे विशेष अभियान दिवस का होगा आयोजन; बूथों पर आवश्यक फार्म के साथ उपस्थित रहेंगे बीएलओ

मीरजापुर।
जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त किये जाने हेतु चार विशेष अभियान दिवस आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

निर्देशों के क्रम में पूर्व में दिनांक 11 जनवरी, 18 जनवरी तथा 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किये गये थे। इसी कड़ी में रविवार, 22 फरवरी, 2026 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है।

इस विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष अभियन दिवस में प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 1.30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) उपस्थित रहें।

सभी बी.एल.ओ. के पास 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म यथा 6, 6ए, 7 एवं 8 उपलब्ध रहें। विशेष अभियान में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।

मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान तिथि की जानकारी देते हुए उनसे सहयोग प्राप्त किया जाए। सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त विशेष अभियान दिवस के पर्यवेक्षण हेतु समस्त निर्वाचक/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुए विशेष अभियान को सफल बनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने अपील की है कि विशेष अभियान दिवस-22 फरवरी, 2026 को अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अंकित नहीं है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु 01 जनवरी, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें अथवा ECINET मोबाइल अप्लीकेशन या Voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!