पड़री (मीरजापुर)।
विकास खंड पहाड़ी के ब्लॉक संसाधन केंद्र पड़री पर शुक्रवार को शिक्षा सशक्तीकरण के उद्देश्य से ग्राम प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी पहाड़ी फराह रईस ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी इंद्रबहादुर पाण्डेय एवं विशिष्ट अतिथि प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष ब्यासजी बिंद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि इंद्र बहादुर पाण्डेय ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करना समय की आवश्यकता है। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित उपस्थिति और बेहतर शिक्षण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रधानों एवं शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
विशिष्ट अतिथि ब्यासजी बिंद ने कहा कि शिक्षा के सर्वांगीण विकास के लिए ग्राम प्रधान, प्रधानाध्यापक और अभिभावकों के बीच समन्वय आवश्यक है। आपसी सहयोग से ही विद्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार और बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य सफल हो सकता है।
संगोष्ठी में शिक्षा विभाग की नीतियों, शासन की प्राथमिकताओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही अनुशासन, नवाचार, नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट रोकने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रामदेव सरोज, सुमन चौबे, गुंजा सिंह, राकेश यादव तथा शिक्षक अखिलेश सिंह (डब्बू सिंह), माता प्रसाद सिंह, जय प्रताप सिंह, राजेश चौबे, बृजेन्द्र नारायण सिंह, राजनाथ तिवारी, सुरेश जायसवाल, प्रिया सिंह, लवली सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीलकांत पाण्डेय एवं रविकांत द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया।



