0 बीएचयू वाराणसी स्थित शोभित मेडिवर्ल्ड में रिटेल फार्मासिस्ट पद के लिए चयन, संस्थान को SIRF–2026 में मिला ‘A’ ग्रेड
चुनार, मिर्जापुर। फार्मेसी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी समसपुर चुनार द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। यह संस्थान उत्तर प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा निदेशालय (UP-DTE) द्वारा आयोजित स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क SIRF 2026 में 84.55% अंकों के साथ प्रतिष्ठित ‘A’ ग्रेड प्राप्त कर चुका है।
संस्थान के फार्मेसी प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री के नेतृत्व में स्थापित प्लेसमेंट सेल द्वारा डी.फार्मा अंतिम वर्ष एवं पासआउट छात्रों के लिए कैंपस चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस चयन प्रक्रिया को शोभित मेडिवर्ल्ड के जनरल मैनेजर एचआर शशि शंकर तिवारी तथा जोनल बिजनेस मैनेजर अनुज कुमार पटेल द्वारा सम्पन्न कराया गया जिसमें छात्रों का मूल्यांकन रिटेल फार्मासिस्ट पद के लिए किया गया।
चयन प्रक्रिया के उपरांत एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के 7 छात्रों उपासना पटेल, अमित पटेल, संतोष पटेल, मुकुल विश्वकर्मा, सचिन गुप्ता, अभिषेक तिवारी तथा मोहित द्विवेदी का चयन बीएचयू, वाराणसी स्थित शोभित मेडिवर्ल्ड में किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान की गुणवत्ता का प्रमाण है, बल्कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
प्राचार्य प्रो. डॉ.सुनील मिस्त्री ने कहा कि संस्थान हमेशा से ही छात्रों के करियर विकास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह सफलता संस्थान की सतत मेहनत, छात्रों की लगन तथा प्लेसमेंट टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्लेसमेंट सेल समन्वयक डॉ. अभय वर्मा, डॉ. विवेक कुमार पटेल, योगेश शर्मा एवं राममनोहर यादव सहित फार्मेसी विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों का सहयोग रहा।



