चुनार, मीरजापुर। हिंदू नव वर्ष, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, नवरात्रि व रामनवमी के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चुनार नगर में श्रीराम जन्मोत्सव की भव्य शोभा यात्रा विहिप जिलाध्यक्ष दिनेश प्रकाश सिंह के नेतृत्व मे निकाली गई। शोभा यात्रा रेलवे स्टेशन परिसर से निकली, जो नगर के दरगाह मोड़, सराय टेकौर, टेकौर, भरपुर, लालदरवाजा, बैंक मार्ग, तहसील, नगर पालिका कार्यालय, सददूपुर मोहाना, गोला बाजार चौक सर्राफा बाजार होते हुए गंगाघाट पर पहुंचकर गंगा आरती के साथ समाप्त हुई।
शोभा यात्रा में हाथी, घोड़े व अन्य तमाम झांकियां यात्रा की शोभा बढा रही थी। यात्रा में शामिल लोगों के जय श्रीराम के उद्घोष से इलाका गुंजायमान हो उठा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाल विजय शंकर सिंह दलबल के साथ मौजूद रहे। शोभा यात्रा में विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, नरायन राठी, जगदीश गुप्ता, किशन मोदनवाल, सौरभ पुजारी, राजू गुप्ता, विजय बहादुर सिंह, ज्योति प्रकाश सिंह, अजय शेखर पांडेय, मनीष राय, आलोक श्रीवास्तव, अभिलाष राय, राजेन्द्र प्रजापति, सन्तोष गुप्ता, रामप्रसाद विंद, पवन विंद सहित सैकडो की संख्या मे महिला पुरुष मौजूद रहे।
सवारी लेकर चुनार दरगाह आये टैम्पो चालक का गंगा किनारे मिला शव
चुनार, मीरजापुर। हजरत बाबा कासिस सुलेमानी की दरगाह पर जियारत करने रविवार को वाराणसी से सवारी लेकर आएं आटो चालक का शव मंगलवार की सुबह बालूघाट गंगा किनारे मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोहता निवासी अब्दुल साहिद 23 वर्ष पुत्र अब्दुल हमीद रविवार को वाराणसी से सवारी लेकर आटो से दरगाह आया था। सवारी उतारने के बाद वह दरगाह के पास ही आटो खड़ी कर दिया। इस बीच उसकी परिवार के लोगों से बातचीत हुई, तो उसने बताया कि सवारी लेकर दरगाह आएं हुए हैं। देर रात तक घर न पहुचने पर परिवार के लोग पुनः फोन किए, तो मोबाइल स्वीच ऑफ बताने लगा। सोमवार की सुबह चालक के पिता व अन्य सगे संबंधी दरगाह पहुचें, तो देखा कि आटो दरगाह मेला क्षेत्र में एक स्थान पर खड़ा है। खोजवीन करने पर कही पता नही चला, तो परिजन कोतवाली पहुचें और गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराया। पुलिस रिपोर्ट दर्जकर छानबीन करने में जुटी रही कि इस दौरान पुलिस को सूचना मिली की बालूघाट गंगा किनारे एक युवक का शव पड़ा है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया और परिजनों को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद परिजन भी मौके पर पहुचें और शव की शिनाख्त किए।
कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि मेले में सवारी उतारने के बाद वह गंगा स्नान के लिए गया होगा और गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया होगा।


