0 हिनौती गांव नारों से गूंजा, नवप्रवेशी बच्चों का किया गया स्वागत
पड़री, मीरजापुर।
विकास खंड पहाड़ी के पथरहा कंपोजिट विद्यालय में सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने गांव का भ्रमण कर लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने का संदेश दिया।
रैली के दौरान “चौका-बर्तन छोड़ दो, शिक्षा से नाता जोड़ लो” व “एक-दो-तीन-चार, शिक्षा की जयजयकार” जैसे नारों से पूरा ग्राम पंचायत हिनौती गूंज उठा। बच्चों के उत्साह और जागरूकता संदेश से ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही अभिभावकों से शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामसिंह राणा, प्रधानाध्यापक प्रशांत दुबे, सहायक अध्यापक अभिषेक उपाध्याय, पूजा उपाध्याय, अंजली श्रीवास्तव, मीरा सिंह, सुशील कुमार सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


