विश्वविद्यालय के केंद्रीय सचल दल ने विभिन्न केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
मीरजापुर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी द्वारा संचालित स्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षाओं के क्रम में गुरुवार को जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों में सह-पाठयक्रम एवं मुख्य विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षाओं की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय के केंद्रीय सचल दल ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
केंद्रीय सचल दल के संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में सदस्य डॉ. किरन यादव और डॉ. राजेश कुमार पाल ने विंध्य गुरुकुल कॉलेज, आदर्श जनता महाविद्यालय, लालता सिंह राजकीय महिला पी.जी. कॉलेज, स्व. पतिराजी देवी केदार सिंह महाविद्यालय, गुरु कार्ष्णि महाविद्यालय, स्व. डॉ. श्रीकुबेर सिंह महाविद्यालय, विष्णु दीप महाविद्यालय, स्व. राम विलास सिंह महाविद्यालय और वनस्थली महाविद्यालय (अहरौरा) का भ्रमण किया।
सचल दल के संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गुरुवार को आयोजित स्नातक (कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं बी.बी.ए.) चतुर्थ सेमेस्टर की सह-पाठयक्रम परीक्षा में कुल 14,499 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। वहीं, स्नातक छठे सेमेस्टर के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में 97 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा अनुशासित और नकलविहीन पाई गई।


