अवैध रूप से धन उगाही में लिप्त मेडिकल कॉलेज के आचार्य चिकित्सक के खिलाफ की कार्रवाई
मीरजापुर।
सोमवार, 29 जून 2026 को सोशल मीडिया पर मीरजापुर मेडिकल कालेज के आर्थोपेडिक्स विभाग से सम्बन्धित वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो पर जिलाधिकारी पवन सिंह गंगवार द्वारा संज्ञान में लिया गया और मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डा.) संजीव कुमार सिंह से दूरभाष पर वार्ता किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप में इस चिकित्सा महाविद्यालय के आर्थोपेडिक्स विभाग में आचार्य के पद पर कार्यरत डा० राजकुमार भारतीय द्वारा अवैध रूप से धनराशि की माँग की जा रही है, जिससे चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की छवि काफी धूमिल हो रही है।
उक्त कृत्य का संज्ञान लेते हुए प्राचार्य डा. सिंह द्वारा कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से डा० राजकुमार भारतीय को अग्रिम आदेश तक के लिए उनके रूटिन कार्य यथा ओ०पी०डी०, ओ०टी० व शैक्षणिक कार्य से बाधित करते हुए आर्थोपेडिक्स विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत डा० सन्तोष सिंह को आर्थोपेडिक्स विभाग का कार्यवाहक विभागाध्यक्ष का दायित्व अग्रिम आदेश तक के लिए सौंप दिया है। प्राचार्य ने डा० सन्तोष सिंह को निर्देशित किया है कि वह अपने रूटिन कार्यों के साथ-साथ डा० राजकुमार भारतीय के दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उक्त प्रकरण की गम्भीरता को संज्ञान में लेते हुए तत्काल प्रभाव से एक जाँच समिति का गठन किया जाता है, जो कि अपनी जाँच आख्या एक सप्ताह में अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में प्रस्तुत करेगी। जाँच समिति द्वारा प्रस्तुत जाँच आख्या के आधार पर अग्रिम कार्यवाही निर्धारित की जायेगी। साथ ही उक्त अवधि में डा० राजकुमार भारतीय को निर्देशित किया जाता है कि वह अपनी उपस्थिति मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मण्डलीय जिला चिकित्सालय, मीरजापुर के कार्यालय में दर्ज करना सुनिश्चित करें।


