मीरजापुर। इनर व्हील क्लब ऑफ मिर्जापुर समन्वय द्वारा न्यू मिर्जापुर पब्लिक स्कूल में “केयर फॉर एवरी स्माइल” अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में दंत स्वास्थ्य एवं मुख स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित दंत परीक्षण के महत्व को समझाना था।
शिविर में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. माहिया गुप्ता द्वारा लगभग 50 बच्चों के दांतों की जांच की गई। उन्होंने बच्चों को दांतों की उचित देखभाल, सही तरीके से ब्रश करने की विधि तथा मुख स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर सभी बच्चों को ‘डेंटल हाइजीन किट’ एवं ‘खाद्य पैकेट’ भी वितरित किए गए।
इसी अवसर पर क्लब द्वारा बच्चों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय को ‘वॉटर कूलर’ भी भेंट किया गया, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल की स्थायी सुविधा प्राप्त होगी।
यह सेवा कार्य क्लब की अध्यक्ष अंजू साध के नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्लब की सचिव रजनी गुप्ता सहित सदस्य संजना अग्रवाल, रूबी वालिया, एडिटर खुशबू गुप्ता, सुप्रीत कौर, सारिका अग्रवाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
इनर व्हील क्लब ऑफ मिर्जापुर समन्वय समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का निर्वहन करता रहा है।





