मीरजापुर।
वेतन खाता धारकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए स्टेट बैंक आफ इंडिया सिविल कोर्ट शाखा मीरजापुर द्वारा पुलिस कर्मी स्वर्गीय कन्हैया की माता जी श्रीमती गुड्डन देवी गुप्ता को ₹1.00 करोड़ की दुर्घटना बीमा राशि का चेक बुधवार को प्रदान किया गया। यह राशि वेतन खाते से सम्बद्ध बीमा सुविधा के अंतर्गत प्रदान की गई है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की उपस्थिति में एक करोड रुपये का चेक सौंपा गया। चेक सौंपते समय एसबीआई मीरजापुर के मुख्य प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य तथा प्रबंधक आशुतोष कुमार उपस्थित रहे।
इस दौरान एसबीआई मीरजापुर के मुख्य प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने कहाकि बैंक अपने ग्राहकों, विशेषकर वेतन खाता धारकों के प्रति सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध है तथा कठिन परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना बैंक की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय कन्हैया को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।





