News

80वें स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक चुनार किले पर फहरा राष्ट्रध्वज, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा परिसर

0 कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने किया ध्वजारोहण, रोपित किए पौधे

0 माँ गंगा की लहरों पर 80 नावों से उकेरी गई 80वें स्वतंत्रता दिवस की विहंगम आकृति

0 वर्ष 2047 तक भारत को विकसित व सशक्त राष्ट्र बनाना हमारा मुख्य लक्ष्य”: आशीष पटेल
मीरजापुर।
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद का ऐतिहासिक व पौराणिक चुनार किला पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। दुर्ग परिसर में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह के दौरान प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामलों कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान की गूंज और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष के बीच तिरंगा शान से फहराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक , मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार और जिला सहकारी बैंक मीरजापुर सोनभद्र के चेयरमैन डा. जगदीश सिंह पटेल के साथ दुर्ग परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण व हरियाली का संदेश दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि देश आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वतंत्रता के 100वें वर्ष यानी 2047 तक भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत आज अपने नागरिकों की असीम क्षमता और कड़ी मेहनत के बल पर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए मा0 कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत ने अपनी अद्भुत सामरिक क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय पूरी दुनिया को दिया है। उन्होंने आह्वान किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देगा।
कार्यक्रम में सुधीर सिंह के निर्देशन में उच्च प्राथमिक विद्यालय चुनार के मेधावी विद्यार्थियों ने सोशल व इंटरनेट मीडिया के दुष्प्रभावों पर एक बेहद प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया।
प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि आज की ‘जनरेशन अल्फा’ अत्यंत प्रतिभावान और जागरूक है। तकनीक का सकारात्मक उपयोग बच्चों के भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, लेकिन इसके दुष्प्रभावों से बचाए रखने के लिए सही मार्गदर्शन और उच्च संस्कार देना अत्यंत आवश्यक है। संस्कारवान पीढ़ी ही विकसित भारत की मजबूत नींव रखेगी।
गंगा की लहरों पर 80 नावों का विहंगम दृश्य

समारोह का मुख्य आकर्षण माँ गंगा की पावन धारा में देखने को मिला। उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह के कुशल निर्देशन में गंगा की लहरों पर 80 नावों को एक विशेष क्रम में सजाकर 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य प्रतीक चिह्न (लोगो) निर्मित किया गया। गंगा की धारा पर उकेरा गया यह दृश्य हर किसी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस अवसर पर आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रामबाबू निषाद, रणजीत निषाद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीखड़ छत्रपति सत्येंद्र कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी इंद्रबहादुर पांडेय, डॉ. अनिल सिंह, मेघनाथ सिंह, उदय पटेल, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव तथा खंड विकास अधिकारी रामराज कुशवाहा सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेंद्र तिवारी ने किया।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!