मीरजापुर।
गणेशगंज स्थित के.बी. पीजी कॉलेज के बी.एड. विभाग में मंगलवार को ‘विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में बी.एड. विभाग के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राम कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को रक्तदान का महत्व समझाते हुए उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान की इंदु दीदी ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण तेजी से होता है और यह कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायक है।
शिविर के दौरान कुल 6 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन और समापन संयोजक प्रोफेसर मकरंद जायसवाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मानवीय अभियान में प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह, डॉ. करनैल सिंह, डॉ. प्रभु नाथ यादव, डॉ. अमित सिंह और डॉ. रोशनी पटेल सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





