News

पुलिस मुठभेड़ में शातिर लुटेरा घायल/गिरफ्तार; ₹5,300 नकद, तमंचा-कारतूस व लूटा गया आधार कार्ड बरामद

अहरौरा, मीरजापुर। एसपी अपर्ता रजत कौशिक के निर्देशन में अहरौरा थाना अहरौरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लूट के मामले में वांछित शातिर अभियुक्त जावेद पुत्र इस्लाम, निवासी दुर्गाजी पहाड़ी नई बस्ती, थाना अहरौरा, उम्र 23 वर्ष को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट के ₹5,300 रुपये नकद, एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त सुरभी शोध संस्थान, तपोवन मार्ग हिनौता रोड की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना अहरौरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अभियुक्त को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होकर गिरने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया गया। अभियुक्त को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

 

22 अगस्त को टोल प्लाजा के पास की थी लूट
पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त 2026 को उसने अपने साथियों के साथ अहरौरा टोल प्लाजा के पास ट्रक चालक की जेब में रखा पर्स व मोबाइल छीन लिया था और मौके से फरार हो गया था। बरामद रुपये व आधार कार्ड उसी लूट से संबंधित बताए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त थाना अहरौरा का हिस्ट्रीशीटर भी है। मामले में थाना अहरौरा पर अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अहरौरा अजय कुमार मिश्र मय पुलिस टीम तथा नगर चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह मय पुलिस टीम शामिल रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!