भदोही। जिला स्वास्थ्य समिति, भदोही द्वारा एच1एन1 इन्फ्लुएंजा के संबंध में आमजन को जागरूक करने तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार,ने जनपदवासियों से अपील की है कि एच1एन1 इन्फ्लुएंजा के लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल अथवा चिकित्सक से संपर्क कर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, हृदय रोग, श्वसन रोग एवं मधुमेह से पीड़ित व्यक्तियों तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को संक्रमण के प्रति अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। कैंसर से पीड़ित अथवा कीमोथेरेपी ले रहे व्यक्तियों को भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें
एच1एन1 इन्फ्लुएंजा के संभावित लक्षण जैसे तेज बुखार, खांसी, गले में दर्द तथा सांस लेने में तकलीफ होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है। चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का सेवन उनके परामर्श के अनुसार ही करें। पर्याप्त आराम करें, भरपूर मात्रा में पानी पिएं तथा पौष्टिक आहार लें। एंटीवायरल दवाओं का सेवन केवल चिकित्सक की सलाह से ही किया जाए।
संक्रमण से बचाव के लिए इन सावधानियों का करें पालन
जिला स्वास्थ्य समिति ने आमजन से एच1एन1 इन्फ्लुएंजा से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यकता अनुसार मास्क का प्रयोग करें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करें और खांसते या छींकते समय टिश्यू का प्रयोग कर उसे उपयोग के बाद डस्टबिन में डालें।
इसके साथ ही घर एवं आसपास की अक्सर छुई जाने वाली सतहों की नियमित सफाई एवं कीटाणुशोधन करें। आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें। पर्याप्त नींद लें, तनाव से बचें तथा स्वच्छ पेयजल का सेवन करें।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार के लक्षण अथवा परेशानी को नजरअंदाज न करें और समय से चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सजगता, स्वच्छता और समय पर उपचार के माध्यम से संक्रमण के प्रसार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. संतोष कुमार चक ने भी जनपदवासियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सावधानियों का पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।





