News

माँ विंध्यवासिनी जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब
मीरजापुर। आज माँ विंध्यवासिनी जयंती के पावन अवसर पर नगर के सोनवर्षा स्थित दुर्गा देवी मंदिर से श्री राम सेवा समिति द्वारा विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में माँ के भक्त, माताएँ एवं बहनें शामिल हुईं।

माता के भजनों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए भक्ति और आराधना की, वहीं पुरुष श्रद्धालु घंटा, शंख एवं अन्य वाद्ययंत्र बजाते हुए यात्रा में शामिल रहे। शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश की भव्य बग्घी रही, जिसके पीछे भैरव बाबा की प्रतिमा तथा अष्टभुजा और माँ काली की भव्य झांकियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके बाद विशाल रथ पर माँ विंध्यवासिनी विराजमान रहीं जिनका भव्य सृंगार किया गया था।

शोभायात्रा सोनवर्षा से प्रारंभ होकर पेहटी का चौराहा, गिरधर का चौराहा, खजांची का चौराहा, घंटाघर, बसनहीँ बाजार, दधुंधी कटरा, गुरहट्टी बाजार होते हुए तुलसी चौक और पेहटी चौराहा पहुंची। इसके बाद पुनः दुर्गा देवी मंदिर पहुंचकर माँ की आरती के साथ शोभायात्रा का भव्य समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने माँ के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष मयंक गुप्ता ने बताया कि समिति द्वारा लगातार 11वें वर्ष माँ विंध्यवासिनी जयंती के अवसर पर इस भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इसी उपलक्ष्य में आगामी 1 सितंबर को सोनवर्षा में विशाल माँ की चौकी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

शोभायात्रा के संयोजक प्रवीण दूबे ने शोभायात्रा में सम्मिलित होने वाले सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समस्त नगरवासियों का अपार सहयोग और साथ मिला, जिसके लिए वह सभी के प्रति हृदय से आभारी हैं।

वहीं शोभायात्रा के प्रभारी बृजेश गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शोभायात्रा को सफल बनाने में प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी नगरवासियों, प्रशासन एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

यात्रा में मा. उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, आदित्य वर्मा, शिवांशु सिंह, अंश वर्मा, प्रखर गुप्ता, दिनेश सिंह, नितेश वर्मा, राहुल जैन आदि लोग सम्मिलित हुए।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!