News

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विद्यार्थियों ने दिया श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश

0 मोरपंख पर सजे प्रेरक संदेशों ने मोहा मन, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

मीरजापुर। नगर के भटौली रोड, विजयपुरा स्थित डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और प्रेरणादायी संदेशों के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से मिलने वाली प्रेरणा विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन और उनकी शिक्षाओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय मोरपंख की थीम पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए संदेशपरक पोस्टर रहे।
विद्यार्थियों ने इनके माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन से मिलने वाली विभिन्न शिक्षाओं को सामने रखा। संदेशों में कर्म करते हुए फल की चिंता न करना, अहंकार का त्याग, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलना, सभी के प्रति प्रेम एवं सद्भाव रखना तथा कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखना जैसे जीवन-मूल्यों को प्रमुखता से अभिव्यक्त किया गया।

विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में बांसुरी धारण किए विद्यार्थी तथा राधा के स्वरूप में सजी छात्रा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के चेयरमैन दिनेश चंद्र सर्राफ ने कहाकि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है। कर्मयोग, धर्म, सत्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी उत्सवों को मनाने के साथ उनसे जुड़े जीवन-मूल्यों को भी समझें और अपने आचरण में उतारें।

डायरेक्टर आयुष कुमार सर्राफ एवं प्रीती सर्राफ ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी विवेक, आत्मविश्वास और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ उनमें नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों का विकास होता है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सत्य, कर्तव्य, सद्भाव, विनम्रता और कर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नीतिका यादव, दीक्षा बरनवाल, प्रीति कुमारी, सुमन पांडे, सपना श्रीवास्तव, प्रतिमा शर्मा, अर्चना शर्मा, ममता सिंह, अर्पिता केसरी, प्रीति जायसवाल, प्रीति गुप्ता, गुनगुन गुप्ता, शिवांगी मोदनवाल, कीर्ति जायसवाल, रवि यादव, आकांक्षा गुप्ता आदि के साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!