News

12-12 घंटे की बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला

0 कछवा ग्रामीण फीडर में बिजली संकट
0 उपकेंद्र के एसडीओ और जेई बोले-33 हजार केवीए केंद्र से हो रही कटौती, हम कुछ नहीं कर सकते
कछवा, मीरजापुर। कछवा क्षेत्र के ग्रामीण फीडर में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कुल करीब 15 घंटे तक की बिजली कटौती की जा रही है। बिजली संकट को लेकर जब जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने जिम्मेदारी लेने से पल्ला झाड़ लिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली कटौती के कारण रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं किसानों और छोटे दुकानदारों के काम पर भी इसका असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

एसडीओ बोले-33 हजार केवीए केंद्र से हो रही कटौती

बिजली कटौती के संबंध में कछवा बिजली उपकेंद्र के एसडीओ सचिन से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि 33 हजार केवीए बिजली केंद्र से कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि इसमें हम कुछ नहीं कर सकते। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान कराने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।

जेई को 33 केवीए स्टेशन से मिला कथित जवाब
कछवा बिजली उपकेंद्र के जेई हंसराज ने बताया कि उन्होंने 33 हजार केवीए बिजली स्टेशन से बात की थी। जेई के अनुसार, वहां से उन्हें कथित तौर पर कहा गया कि “लगता है तुम नए जेई हो।” इस जवाब को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

24 घंटे बिजली देने की योजना पर सवाल
ग्रामीणों सभाजीत मिश्रा, अरुण सिंह, भोले पाण्डेय, राकेश मिश्रा, राज बिंद, अनिल सिंह, गुलाब पाल, मालिक उपाध्याय, राकेश सिंह, लल्लू सिंह आदि का कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार की 24 घंटे बिजली देने की योजना को जिम्मेदार अधिकारी निष्प्रभावी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि बिजली कटौती का स्पष्ट कारण बताया जाए और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए। वहीं जेई हंसराज ने स्वीकार किया कि बिजली कटौती की जा रही लेकिन हम लोग लाचार हैं।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!