एडीओ पंचायत के नेतृत्व मे ब्लॉक मुख्यालय पर चला वृहद स्वच्छता अभियान
फोटोसहित
हलिया (मीरजापुर)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गुरुवार को हलिया ब्लॉक परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।एडीओ पंचायत रुपेश श्रीवास्तव और ग्राम प्रशासक राजेश कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर में फैले कूड़ा-कचरा, सूखे पत्ते और झाड़ियों की सफाई की गई। कर्मचारियों ने कचरे को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर निस्तारण किया।इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है, ब्लॉक को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नियमित सफाई अभियान चलाया जाता रहेगा। अभियान में ब्लॉक के कर्मचारी मुरारी, जय शंकर शर्मा सहित सफाई कर्मी मौजूद रहे।
नैनो यूरिया के सेवन से किशोरी की बिगड़ी हालत
हलिया (मीरजापुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मधोर गांव में नैनो यूरिया का सेवन करने से एक किशोरी की हालत बिगड़ गई।जानकारी के अनुसार प्रियंका उम्र 15 वर्ष पुत्री राजेश निवासी मधोर ने गुरुवार की दोपहर करीब 2:30 बजे अज्ञात कारणों से नैनो यूरिया का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया शाम करीब 3:10 बजे किशोरी को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार किशोरी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
पंचशील डिग्री कॉलेज में 28 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला
हलिया (मीरजापुर)। पंचशील डिग्री कॉलेज मवई कला द्वारा अवगत कराया गया है कि सहायक निदेशक (सेवायोजन) विन्ध्याचल मण्डल के निर्देशन मे महाविद्यालय परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन 28 सितंबर को किया जाएगा मेले का उद्घाटन एवं मुख्य अतिथि छानबे विधायक श्रीमती रिंकी कोल होंगी। आयोजक एवं आयोजन कर्ता महाविद्यालय पंचशील डिग्री कॉलेज एवं समस्त अध्यापक गण, प्रबंधक पंचशील डिग्री कॉलेज होगा।





