मीरजापुर। मां विन्ध्यवासिनी देवी विन्ध्याचल के धाम मे 11 अक्टूबर 2026 लगने वाले नव दिवसीय नवरात्र मेला की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विन्ध्याचल में भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को तैयारियों के दृष्टिगत कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कोतवाली रोड, विन्ध्याचल मन्दिर कारीडोर परिसर, पुरानी वी०आई०पी० रोड, पक्का घाट मार्ग आदि का निरीक्षण कर बेहतर साफ सफाई, बैरीकेटिंग, प्रकाश व्यवस्था, मार्गो पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने आदि के दृष्टिगत सम्बन्धित अधिकारियों अथवा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर, विन्ध्य प्राधिकरण को तत्काल कार्य प्रारम्भ कर ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विन्ध्याचल के गलियों व प्रमुख मार्गो में दुकानदारों के पन्नी आदि बांध कर व फुटपाथ पर दुकान लगाए गए है उन्हें अतिक्रमण हटाने हेतु नोटिस भेजकर चेताया जाए। ससमय अतिक्रमण न हटाए जाने पर सम्बन्धित दुकानदार जुर्माना भी लगाया जाएगा। थाना प्रभारी विन्ध्याचल व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि विन्ध्याचल, कालीखोह व अष्टभुजा पर जाने वाले मार्गो पर स्वंय भ्रमण कर अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि घाटो पर दर्शनार्थियों के स्नान हेतु बैरीकेटिंग व प्रकाश व्यवस्था व अस्थायी शौचालय ससमय पूर्ण करा लिया जाए। इस अवसर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल, परियोजना प्रबंधक राजकीय निर्माण निगम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।





