ट्रेलर का टायर हवा भरते समय जोरदार धमाके के साथ फटा, हवा भर रहे युवक की मौत
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे पड़री के कपसौर गांव के पास 22 चक्का ट्रेलर के टायर में हवा भरते समय अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट गया, जिससे पंचर बनाने वाले 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक राहुल (25 वर्ष) चुनार थाना क्षेत्र के नुनौटी गोल्हनपुर गांव का रहने वाला था। वह पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव के पास हाईवे किनारे पिछले लगभग पांच वर्षों से पंचर बनाने की दुकान चला रहा था। सोमवार सुबह वह एक 22 चक्का ट्रेलर के टायर में हवा भर रहा था, तभी अत्यधिक दबाव या अन्य कारणों से टायर फट गया। इस भयानक हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते नहीं उसने दम तोड़ दिया।


