News

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन विंध्यधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एडीजी जोन ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

एडीजी ने पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के साथ मेला क्षेत्र का किया पैदल भ्रमण, श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने का दिया निर्देश

मीरजापुर। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी देवी के धाम, विंध्याचल में शारदीय नवरात्र मेले के प्रथम दिन आस्था का जनसैलाब उमड़ा। प्रथम दिवस ही हजारों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने पर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से सक्रिय रही। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने उप पुलिस महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ पूरे मेला क्षेत्र का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।अधिकारियों के दल ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार, निकास द्वार, दर्शन मार्ग, गंगा घाट, रेलवे स्टेशन मार्ग और प्रमुख चौराहों पर लगाए गए बैरियर प्वाइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन-पूजन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थल, रूट डायवर्जन और जगह-जगह तैनात पुलिस बल की स्थिति की बिंदुवार जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान एडीजी नवीन अरोड़ा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की सक्रियता और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तन पहले से चिन्हित वैकल्पिक मार्गों से किया जाए और पार्किंग व्यवस्था को इस तरह सुव्यवस्थित किया जाए कि श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है और साफ-सफाई, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को कई जोन और सेक्टर में बांटकर सीसीटीवी, ड्रोन और सादे कपड़ों में पुलिस की तैनाती की गई है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!