News

मंडी समिति के महादीपोत्सव में दीप प्रज्ज्वलन, लाभार्थी को मिला तीन लाख का चेक

अहरौरा, मीरजापुर। धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर शुक्रवार की शाम कृषि उत्पादन मंडी समिति अहरौरा परिसर में महादीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अहरौरा के सभासद कुमार आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को तीन लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि कुमार आनंद ने कहाकि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि समाज में खुशियां, सकारात्मकता और आपसी सौहार्द का प्रकाश फैलाने का अवसर है।

किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना जरूरतमंद किसान परिवारों के लिए आर्थिक संबल प्रदान करने का माध्यम है। उन्होंने मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों की इस आयोजन के लिए सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक सहभागिता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान दीपों की रोशनी से मंडी परिसर जगमगा उठा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को धनतेरस एवं दीपावली की बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंडी समिति के अध्यक्ष दिनेश सोनकर, सचिव रविकांत ओझा, मयंक जयसवाल, इंस्पेक्टर राम आसरे मौर्य, सहायक सूरज कुमार, गुड्डू सोनकर, मुन्नू सोनकर सहित मंडी समिति के कर्मचारी, व्यापारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!