मीरजापुर। शुक्रवार,6 नवंबर 2026 को भारतीय शिशु मंदिर नारघाट में दीपावली उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भैया-बहनों द्वारा रंगोली प्रतियोगिता एवं भरत मिलाप कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भैया-बहनों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आकर्षक एवं मनमोहक रंगोलियाँ बनाईं। दीपावली उत्सव के माध्यम से प्रकाश, स्वच्छता, सद्भाव एवं खुशियों का संदेश दिया गया। वहीं भरत मिलाप के माध्यम से भगवान श्रीराम एवं भरत जी के आदर्श भ्रातृ प्रेम, त्याग, समर्पण एवं मर्यादा का भावपूर्ण चित्रण किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में श्रीमान रमेश जी (अधिवक्ता) उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की कलात्मक प्रतिभा एवं रंगोलियों की सुंदरता का अवलोकन कर उनका मूल्यांकन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष जवाहर सिंह, प्रबंधक अरुण कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता एवं सह-कोषाध्यक्ष मनोज बाजपेयी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने भैया-बहनों की प्रतिभा एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
अतिथिगणों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहाकि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य विनय कुमार सिंह, त्रिभुवन, ओम प्रकाश, श्रीश कुमार सहित समस्त आचार्यगण उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।





