भक्ति, संगीत और श्रृंगार का अनूठा संगम बना बाबा योगेश्वर नाथ महादेव का दरबार
मीरजापुर। बाजीराव कटरा स्थित बाबा योगेश्वर नाथ महादेव का भव्य श्रृंगार एवं पारंपरिक भजन-कीर्तन समारोह 9 नवंबर को श्री कृष्ण हरि कीर्तन प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया। विगत 79 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। प्रसिद्ध श्रृंगारिया जगसेन जी द्वारा बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर व्यवस्थापक एवं समिति अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत आरती ‘ॐ जय शिव ओंकारा’ से हुआ। इसके बाद बाल कलाकार ईशान ने ‘आरती करो हर-हर की करो’ भजन प्रस्तुत किया, जबकि कार्तिकेय ने प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की रचना का पाठ कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।
भजन संध्या में वरिष्ठ कलाकार महेंद्र कुमार भारती ने भक्तिरस से परिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। इसी क्रम में अशोक जी एवं बैकुंठ जी ने सुंदर भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। नितीश अग्रवाल ने ‘जय रघुनंदन जय सियाराम’ की प्रस्तुति से वातावरण को राममय किया, वहीं महेश मालवीय ने ‘शिरडी वाले साईं बाबा’ भजन सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में प्रख्यात कथककार पं. मनीष शर्मा की शिष्याएं अनुश्री केशरी एवं पंखुड़ी केशरी ने युगल कथक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने सराहा। समारोह के अंतिम चरण में जनपद के वरिष्ठ संगीतज्ञ भगवती प्रसाद केशरी ने राग भैरवी पर आधारित भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समापन किया।
संगीत संगत में हारमोनियम पर विपिन श्रीवास्तव, नाल पर सनौव्वर एवं शिवशंकर तथा तबले पर सोनू ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी जी ने किया।
इस अवसर पर एडवोकेट अजीत कुमार दूबे, अवधेश पांडेय, एडवोकेट अमानुल्लाह अंसारी, बालगोविंद अग्रवाल, एडवोकेट सुबोध शुक्ला, आनंद प्रकाश, प्रेम मिश्रा, मनोज जालान, नीरज, श्याम लाल गुप्ता, दीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल एवं नितीश अग्रवाल सहित जनपद के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा।
अंत में समिति अध्यक्ष एवं मंदिर व्यवस्थापक सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने उपस्थित श्रद्धालुओं, कलाकारों एवं श्रोताओं को प्रसाद वितरित किया तथा आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


