News

छठ पूजा का तीसरा दिन, व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

अहरौरा के विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन रहा मुस्तैद

अहरौरा, मीरजापुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। शाम होते ही अहरौरा क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर शाम को बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ तथा पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचीं। अहरौरा क्षेत्र के पोखरा सहुवाईंन, अहरौरा बांध, दुर्गा जी मंदिर, रामसागर पोखरा, मीरापुर और खेमईपुर सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाओं ने छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना कर परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की।

मान्यता के अनुसार छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। व्रती महिलाएं संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण के लिए भगवान सूर्य की उपासना करती हैं। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

छठ पूजा को लेकर नगर पालिका अहरौरा की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए व्यवस्था, प्रकाश और पानी की समुचित व्यवस्था की गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी ने बताया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिक पानी की वजह से गोताखोरों और नाव के माध्यम से लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्य, जेई विकास कुमार, जेई दीपक यादव, सभासद आनंद कुमार, प्रमोद मौर्य, अशोक मौर्य, आशीष, प्रभु, रिंकू सोनकर और सिद्धार्थ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वहीं सुरक्षा व्यवस्था में सीओ मड़िहान मो फहीम, तहसीलदार, थानाध्यक्ष अजय मिश्रा, नगर चौकी प्रभारी आशीष सिंह, एसआई संजय सिंह मय पुलिस और पीएसी बल के साथ क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!