News

किला घाट पर इस बार साइबर सुरक्षा थीम पर होगी गंगा आरती व दीपदान, तैयारियां अंतिम चरण में

सवा लाख दीपों से होगा गंगा तट जगमग

नगर के गौरव को बढाने मे जनप्रतिनिधियो ने नही किया पहल*्

सरकारी धन का होता सहयोग तो ऐतिहासिक किले के साथ बढता नगर का भी गौरव

चुनार, मीरजापुर। नगर के किला घाट स्थित संत साहित्य धाम में चुनार क्लब, मौजीजियरा एसोसिएशन के तत्वावधान में हर वर्ष एक नए थीम के साथ घाटों की सजावट, गंगा आरती और दीपदान का आयोजन होता चला आ रहा है। इस बार भी आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। क्लब के अध्यक्ष देवेश चक्रवाल ने बताया कि इस बार बढ़ते हुए साइबर अपराध को देखते हुए इस वर्ष का थीम साइबर सुरक्षा रहेगा।

इसके माध्यम से लोगों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया से होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। गंगा आरती और दीपदान के साथ-साथ साइबर सुरक्षा का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। क्लब के सदस्यों द्वारा स्वतः के श्रमदान द्वारा घाट की साफ-सफाई, व्यवस्था और साज-सज्जा की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। घाट को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और झालरों से सजाया जा रहा है।

शाम होते ही पूरा किला घाट भक्तिमय वातावरण में जगमगा उठेगा।वहीं नैनागढ़ महोत्सव समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंह पटेल ने रविवार को नगर मे स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि महोत्सव के सत्ताइसवे वर्ष मे तीन दिवसीय आतिशबाजी, गंगा आरती, लोक गायन और गीत-संगीत आदि कार्यक्रमों का आयोजन 22 नवंबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा।

इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आए कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। लोक गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से चुनार की संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया जाएगा।पालिका के सहयोग से कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई व्यवस्था का कार्य पूर्ण करने के साथ अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समिति के प्रत्येक पदाधिकारी व सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग होकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में तन-मन से जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा है कि क्लब द्वारा निःस्वार्थ भाव से नगर के गौरव को बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किया जाता रहा है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा कभी भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की सोच नहीं रही।

लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रमों में सरकार द्वारा धनराशि की व्यवस्था कराई जाती तो घाटों की सजावट आदि में चार चांद लग जाते और चुनार के ऐतिहासिक किले के साथ इन कार्यक्रमों से नगर का गौरव और बढ़ जाता। इस दौरान मेजर कृपाशंकर सिंह, चन्द्रहाश गुप्ता, सुरेन्द्र सिंह, रविन्द्र सिंह, आलोक श्रीवास्तव, विकास कश्यप, अफसर अली, अजय श्रीवास्तव, दीपचन्द मौर्या आदि उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!