संत पंकज महाराज के सत्संग संदेश में प्रेम, सद्भाव, शाकाहार और सदाचार अपनाने की अपील
0 शराब सहित नशों से दूर रहने का दिया संदेश
0 17 से 21 दिसंबर तक मथुरा में आयोजित वार्षिक भंडारा सत्संग मेले में शामिल होने का किया आमंत्रण
अहरौरा, मीरजापुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज ने अपनी 108 दिवसीय आध्यात्मिक एवं वैचारिक जनजागरण यात्रा के तहत जमालपुर ब्लॉक के ग्राम मदापुर में 89वां पड़ाव डाला। इस अवसर पर आयोजित सत्संग समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कलशों, पुष्पवर्षा, गाजे-बाजे और जयगुरुदेव के जयघोष के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया।
सत्संग संदेश में संत पंकज जी महाराज ने कहा कि मनुष्य शरीर एक किराये का मकान है। परमात्मा ने यह दुर्लभ मानव शरीर साधना-भजन कर अपने निजधाम पहुंचने और आत्मकल्याण के लिए प्रदान किया है, लेकिन मनुष्य माया-मोह और भौतिक सुख-सुविधाओं में उलझकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य को भूल गया है। मांसाहार, शराब और अन्य नशों के सेवन से मनुष्य अपने चरित्र एवं जीवन को पतन की ओर ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मों के बंधन में फंसकर जीव जन्म-मरण के चक्र में भटकता रहता है। इससे मुक्ति के लिए सच्चे संत की खोज कर उनके बताए मार्ग पर चलना आवश्यक है।
महाराज जी ने भविष्य के प्रति आगाह करते हुए विश्व में बढ़ते संघर्ष और युद्ध के खतरों का उल्लेख किया। उन्होंने अपने संदेश के माध्यम से लोगों को समय रहते सचेत होने, शाकाहारी एवं सदाचारी जीवन अपनाने तथा शराब जैसे बुद्धिनाशक नशों से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने आत्मकल्याण, सुख-समृद्धि और प्रभु प्राप्ति के लिए नामयोग साधना की विधि सुमिरन, ध्यान और भजन को विस्तार से समझाया। साथ ही कहाकि प्रत्येक व्यक्ति को 24 घंटे में कम से कम एक-दो घंटे आत्मकल्याण के लिए साधना-भजन में अवश्य लगाना चाहिए।
संत पंकज महाराज ने आगामी 17 से 21 दिसंबर तक जयगुरुदेव आश्रम, आगरा-दिल्ली बाईपास, मथुरा में आयोजित होने वाले वार्षिक भंडारा सत्संग मेले में सभी श्रद्धालुओं को शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने सत्संग में पहुंचे सभी प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद भविष्य की मंगलकामना की। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन का भी सहयोग रहा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोती लाल सिंह, चंद्रमा यादव, संदीप पांडेय, रमेश यादव, संतोष तिवारी सहित चंदौली की सहयोगी संगत से जसवंत चौरसिया, जवाहर मास्टर, रामसूरत, चंद्रिका, देवराज यादव, अवधेश चौरसिया आदि मौजूद रहे। आयोजन में पत्रकार हौसिला प्रसाद त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा।
सत्संग के उपरांत जनजागरण यात्रा अपने 90वें पड़ाव ग्राम धोबही, विकास खंड जमालपुर के लिए रवाना हो गई। यहां अगले दिन प्रातः 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम हंगा।





