0 कला विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम: एसडीएम संतोष कुमार ओझा
0 कला हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम: अपर मुख्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार वर्मा
मीरजापुर।
यूपी के मीरजापुर मे पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला में गुरुवार, कला उत्सव 2026-27 कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न 24 जिलों से आए 252 प्रतिभागियों ने विभिन्न कला विधाओं में प्रतिभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी, मड़िहान संतोष कुमार ओझा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुरेंद्र कुमार वर्मा, आदर्श इंटर कालेज सुगापाख के प्रधानाचार्य बेचन सिंह, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी एवं ए. के. त्रिपाठी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कला उत्सव में आजमगढ़, अंबेडकर नगर, अमेठी, बलिया, बस्ती, भदोही, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, जौनपुर, कौशांबी, कुशीनगर, महराजगंज, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर एवं वाराणसी जनपदों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ओझा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कला विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि कला हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को पूरे उत्साह और सकारात्मक भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अनुरक्षकों एवं निर्णायक मंडल का स्वागत करते हुए कहाकि कला उत्सव विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा को मंच प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
यह कार्यक्रम 10 एवं 11 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न कला विधाओं में प्रतिभागियों द्वारा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री रामलखन मौर्य ने किया। कला उत्सव का आयोजन राकेश यादव एवं श्रीमती अनामिका सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में डॉ. विपिन सिंह, नईमुल्लाह, अनामिका भारतीय, वेद प्रकाश मिश्र, संजय यादव, एम. के. बरनवाल, कमलेश कुमार, राजेश, शालिनी कुशवाहा, जे. एन. सिंह, विभा सिंह, स्वेक्षा जी, शिव कुमार, डॉ. प्रिया, पूजा सिंह, सिम्मी भारतीय, अभिषेक सहित अनेक शिक्षक एवं अनुरक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन के लिए निर्णायक मंडल में कमल कुमार, विनीत उपाध्याय, रविकांत गौतम, सत्य प्रकाश जैसल, ममता द्विवेदी एवं संगीता साहू सहित अन्य निर्णायक शामिल हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ से विद्यालय परिसर में कला, संस्कृति और रचनात्मकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।





