0 मण्डलों में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के कार्यों की मण्डलायुक्त द्वारा की गई समीक्षा-योजनान्तर्गत स्वीकृत कार्य को निर्धारित समय सीमा एक वर्ष के अन्दर ही पूर्ण कराने का दिया निर्देश
मीरजापुर। मण्डल में संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) के कार्यों की संसद सदस्यों को आमंत्रित करते हुए वर्ष में एक बार मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश द्वारा समीक्षा किये जाने की उ0प्र0 शासन की व्यवस्था के क्रम में मण्डलायुक्त सभागार में बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में सांसद के प्रस्तावों की स्वीकृति, कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर पूर्ण करने तथा निर्माण संस्थाओं को प्रथम किस्त की धनराशि समयान्तर्गत अवमुक्त किये जाने की स्थिति के सम्बन्ध में चर्चा की गयी।
योजना के जनपद स्तर पर क्रियान्वयन हेतु उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया यथा सांसद से प्रस्ताव प्राप्त होने के 45 दिनों के अन्दर कार्य की स्वीकृति, स्वीकृति के 03 माह के अन्दर संस्था से कार्य प्रारम्भ कराकर प्रथम किस्त अवमुक्त कराये जाने तथा 01 वर्ष के अन्दर प्रत्येक दशा में कार्य पूर्ण कराने के लिए मण्डल के तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 को मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश द्वारा निर्देश दिये गये। जनपद मीरजापुर में वर्ष 2023-24 के स्वीकृत 03 तथा वर्ष 2024-25 के स्वीकृत 2 कार्य अधूरे पाये गये।
लगभग ढाई वर्ष पूर्व स्वीकृत बाबू उपरौध इण्टर कालेज लालगंज में छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण कार्य अपूर्ण रहने व कार्य पर धन अवमुक्त न किये जाने पर मण्डलायुक्त द्वारा जनपद की कार्यप्रणाली पर अप्रसन्नता व्यक्त की गयी। जनपद सोनभद्र में वर्ष 2023-24 के 03 विद्यालयों तथा वर्ष 2024-25 के 01 विद्यालय में स्वीकृत शिक्षण कक्षों का निर्माण अधूरा पाया गया।
वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 01 कार्य भूमि विवाद के कारण सांसद राबर्ट्सगंज द्वारा अनारम्भ बताया गया। जनपद भदोही में वर्ष 2025-26 के स्वीकृत 13 कार्यों तथा वर्ष 2026-27 के स्वीकृत 1 इण्टरलाकिंग कार्य पर 3 माह से लेकर सवा साल तक का समय व्यतीत हो जाने के उपरान्त भी संस्था से कार्य प्रारम्भ न करा पाने व संस्था को प्रथम किस्त न अवमुक्त कर पाने की स्थिति पर मण्डलायुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी।मण्डलायुक्त द्वारा जनपदों को निर्देश दिये गये कि मुख्य विकास अधिकारी निर्माण संस्थाओं के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करते हुए वर्ष 2023-24 व 2024-25 के अपूर्ण कार्यों को प्रत्येक दशा में 15 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करा लें एवं कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र अवश्य प्राप्त कर लें।
योजना के अन्तर्गत स्वीकृत कार्य को निर्धारित समय सीमा 01 वर्ष के अन्दर ही पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। बैठक में वर्षवार सांसदवार अधूरे कार्यों का प्रस्तुतीकरण संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र द्वारा किया गया। बैठक में जूम लिंक पर जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार, भदोही शैलेष कुमार, सोनभद्र चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर विशाल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी भदोही, मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र जुड़े रहे। बैठक में सांसद लोक सभा क्षेत्र राबर्ट्सगंज छोटेलाल खरवार, सांसद भदोही डाॅ विनोद बिन्द के प्रतिनिधि संजय बिन्द तथा सांसद मीरजापुर अनुप्रिया पटेल के प्रतिनिधि अवध नरेश सिंह, मण्डलीय अर्थ एवं संख्याधिकारी राम नारायन यादव, मण्डल के तीनों जनपदों के परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह तथा सम्बन्धित निर्माण संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





