News

कछवा नपं बोर्ड बैठक में 11 करोड़ का ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पारित

0 नगर के विकास के लिए सभी सभासद हुए एक, अब नगर में बहेगी विकास की गंगा
0 भव्य ‘नगर सेवा सदन’ के निर्माण से निखरेगी कछवां की सूरत, चुनार के लाल पत्थरों की नक्काशी से महकेगा नया सचिवालय
कछवां, मीरजापुर। आदर्श नगर पंचायत कछवां के स्वर्णिम भविष्य और चहुंमुखी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मिताली जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बजट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹11 करोड़ का विकासोन्मुखी बजट सदन के सभी सम्मानित सदस्यों की सर्वसम्मति से पारित हुआ।

बजट का सबसे प्रमुख आकर्षण परेड वार्ड स्थित जल कल परिसर में बनने वाला ‘नगर सेवा सदन’ (एकीकृत प्रशासनिक सचिवालय) है। लगभग 8,000 वर्ग फुट में बनने वाले इस भव्य भवन के लिए ₹1.94 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। स्थानीय गौरव को नई पहचान देने हेतु इस सचिवालय का निर्माण चुनार के प्रसिद्ध नक्काशीदार लाल बलुआ पत्थरों से किया जाएगा। भवन में पारंपरिक मेहराब और पत्थर की जाली का उत्कृष्ट शिल्प कछवां की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करेगा।

एकता और सामूहिकता की जीत; बैठक की सबसे विशेष बात सदन में दिखी अभूतपूर्व एकता रही। नगर के सर्वांगीण विकास हेतु सभी 12 निर्वाचित सभासदों अवनीश त्रिपाठी, शेखर उपाध्याय, लालजी उर्फ बिल्ला, मैनव हाशमी, नेहा चौबे, ज्योति चौरसिया, मुन्नी देवी, प्यारी देवी, अरशद जमाल, संतोष केसरी, पवन मोदनवाल, राजेश उर्फ विदेशी ने एक स्वर में अध्यक्ष के प्रस्तावों का समर्थन किया। अध्यक्ष श्रीमती मिताली जायसवाल ने इस ऐतिहासिक सहयोग के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा- “आज का दिन कछवां के लिए गौरव का क्षण है।

सभी सदस्यों ने एकजुट होकर विकास के संकल्प पर अपनी मुहर लगाई है। सभी सभासदों का कहना है कि हमारा लक्ष्य कछवां को एक आदर्श और आधु‌निक नगर बनाना है, जहाँ हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। पिछले तीन वर्षों के उठा पटक के बाद सभी ने नगर विकास के लिए अपना एक स्वर होकर कछवा के विकास के लिए अपनी सहमति जताई। परेड वार्ड में पुराने ढांचे को हटाकर एक ही छत के नीचे सभी प्रशासनिक सुविधाएं प्रदान करना, पूरे नगर में सड़कों का सुदृढ़ीकरण और जल निकासी की सुचारू व्यवस्था, नगर के सौंदर्याकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए विशेष प्रावधान आदि शिशेष रहे।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी विजय बहादुर यादव सहित सभी सम्मानित सभासद उपस्थित रहे। सदन के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए नगर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!