तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से आजमगढ़ निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत
चुनार, मीरजापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव के पास हाइवे पर मंगलवार की रात लगभग 9 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय पुलिस शवो को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले गई।मृतकों की पहचान 30 वर्षीय गौरव श्रीवास्तव पुत्र भैरव श्रीवास्तव, निवासी हलुआडीह, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ तथा 28 वर्षीय सौरभ यादव पुत्र सुभाष यादव, निवासी बरामदपुर, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। दोनों मित्र थे मंगलवार को सुबह कार्य के सिलसिले में पड़री थाना क्षेत्र अन्तर्गत दाढ़ीराम गांव गए थे।
देर रात्रि होने पर दोनो चुनार के किसी होटल मे रुकने के लिए आ रहे थे।मृतक गौरव के चाचा गुरुबचन लाल ने बताया कि गौरव गुजरात में श्रमिक आपूर्ति का कार्य करता थाऔर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वहीं सौरभ दिल्ली में नौकरी करता था और दो भाइयों में बड़ा था। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने डीसीएम के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।


