News

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल एवं जनप्रतिनिधियो ने अधिकारियो संग किया वृक्षारोपण

0 कैबिनेट मंत्री ने प्रतिभागी स्कूली बच्चों को प्रमाण पत्र व निशुल्क पौध का किया वितरण

0 पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन के साथ देता है उत्तम स्वास्थ्य: आशीष पटेल

0 जितना महत्व हमारे जीवन में प्रकाश, पानी, पेड़ का है उतना ही पर्यावरण का भी: महानिदेशक पर्यटन उ0प्र0/नोडल अधिकारी
मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन एवं प्रेरणा से ’’एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत आयोजित ’’वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’’ के तहत एक ही दिन में ’’35 करोड़ पौधों’’ के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसी क्रम में जनपद में ’’97,61,600 पौधों’’ के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जिसमें वन विभाग द्वारा ’’48,36,000’’ तथा अन्य विभागों द्वारा ’’49,25,600’’ पौधों का रोपण किया गया। इस हेतु सभी विभागों को ’’क्यूआर कोड आधारित इण्डेंट प्रणाली’’ के माध्यम से शत-प्रतिशत निःशुल्क पौधे वन विभाग के पौधालयों से वितरण हेतु उपलब्ध करा दिये गये।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय, मीरजापुर वन प्रभाग में एक ही दिन में रोपित किये जाने वाले पौधों की सूचना/प्रमाण-पत्र विभागवार प्रति घंटे प्राप्त करने एवं रिपोर्टिंग हेतु जनपद स्तरीय कंट्रोल कक्ष का गठन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विवरण एवं मोबाइल नम्बर समस्त विभागों को उपलब्ध करवा दिये गये।
जनपद का मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम ’’ग्राम सागर सेमरा, विकास खण्ड-पहाड़ी, रेंज विण्ढमफाल में 20 हे0 क्षे0’’ पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राकेश कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी, मीरजापुर वन प्रभाग द्वारा समस्त अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन कर किया गया। तत्पश्चात कैबिनेट मंत्री, प्राविधिक शिक्षा, उपभोक्ता मामले आशीष पटेल द्वारा हरिशंकरी का पौधा रोपित कर ’’वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’’, ’’पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ’’ एवं ’’एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक, छानबे, श्रीमती रिंकी कोल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, चेयरमैन सहकारिता डॉ0 जगदीश सिंह पटेल, महानिदेशक पर्यटन/नोडल अधिकारी डा0 वेदपति मिश्रा, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य वन संरक्षक सुशांत शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा पीपल, पाकड़, बरगद, सहजन, आँवला, नीम, अर्जुन, जामुन एवं सागौन इत्यादि पौधो का पौधरोपण किया।

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि 35 करोड़ वृक्षारोपण महा अभियान के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने एक संकल्प लिया था ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ जो आज एक जन आंदोलन बन चुका है ऐसा जन आंदोलन जिसमें हर व्यक्ति किसी न किसी प्रकार से जुड़ा है और हर व्यक्ति चाहता है कि एक पेड़ मां के नाम पर हम सभी आवश्यक लगाए और उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उसको एक बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने का कार्य किया है इसके तहत नोडल अधिकारी/महानिदेशक पर्यटन को भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि कहा जनपद में यह आंदोलन प्रारंभ से चलता आ रहा है और मीरजापुर में वृक्षों की भरमार हमेशा रही है और उसी को इस आंदोलन के माध्यम से और सुदृढ़ स्थिति देने का कार्य हमारी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा सागर सेमर में आयोजित यह कार्यक्रम वृक्षारोपण के इतिहास में नई भूमिका अदा करेगा। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हर वर्ष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करते हुए वृक्षों की संख्या में वृद्धि की जा रही और यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वृक्ष तो हम एक आंदोलन के लिए लगा देते हैं लेकिन वृक्ष लगाने से ही कार्य नहीं चलता है बल्कि उनको अपने परिवार की तरह देखभाल करनी पड़ती है तभी वे बड़े होते हैं इसलिए सिर्फ वृक्ष लगाए ही नहीं आप सभी उनकी देखभाल भी पूरे मनोयोग से करें, पेड़ लगाना एक बहुत ही बड़े पुण्य का कार्य है।

उन्होंने कहा कि 35 करोड़ एक संख्या है और संकल्प की कोई संख्या नहीं होती आप सभी इस संकल्प के रूप में लीजिए और ऐसा संकल्प लीजिए एक-एक पेड़ मुझे लगाना है और अपने घर के चारों तरफ लगाना है और जब पेड़ चारों तरफ होगा तो शुद्ध ऑक्सीजन और ऑक्सीजन अच्छा प्राप्त होगा तो स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने आंदोलन के रूप में इसे मां के साथ जोड़ा है और हर व्यक्ति के जीवन में मां की सबसे बड़ी भूमिका होती है यदि मां के नाम पर लगाया गया पेड़ उसका पालन करेंगे पोषण करेंगे तो मां की याद आपको हमेशा आपके मन में रहेगी और उन्हें हमेशा याद रखने के लिए पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उसको पालना चाहिए जब वह फल देगा तब आपको यह लगेगा कि मेरी मां ने मुझे अपना आशीर्वाद प्रदान कर रही है और आशीर्वाद के रूप में फल प्रदान कर रही है।

महानिदेशक पर्यटन उ0प्र0/नोडल अधिकारी वृक्षारोपण डाॅ वेदपति मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री के दिशा निर्देशों के क्रम में एक ही दिन में प्रातः 7ः00 बजे से शाम कल 6ः00 बजे तक अथवा जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित समय के अनुसार वृक्षारोपण करना है आज इस कार्यक्रम के तहत जनपद में लगभग 9761600 पौधों पौधारोपण पूरे जनपद में हो रहा है यह जनपद वासियों और प्रदेशवासियों के लिए बहुत ही हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि पवन, पेड़, पानी इन पर चिंतन करेंगे तो देखेंगे इनमें से यदि एक भी वस्तु न हो तो जनजीवन बहुत ही अस्त व्यस्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रारंभ में जब सृष्टि का निर्माण हुआ तो लगभग 200 वर्ष तक सूर्य भगवान का उदय नहीं हुआ था।

उन्होंने कहा कि जितना महत्व हमारे जीवन में प्रकाश, पानी, पेड़ का है उतना ही पर्यावरण का भी है यदि हमें स्वस्थ वातावरण में श्वास लेनी है यदि हमें अपने जीवन को सुचारू ढंग से संचालित करना है तो हमें वृक्षारोपण पर ध्यान देना होगा पर्यावरण को स्वस्थ रखना होगा और एक अच्छा वातावरण अपने आसपास सृजित करना पड़ेगा।

इस अवसर पर चेयरमैन सहकारिता जगदीश सिंह पटेल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी ने भी लोगो से अपील करते हुए कहा कि आप सभी घरो व उसकेे आस पास एक पेड़ मां के नाम अवश्यक लगाए तथा उसकी देखभाल भी करे क्योकि पर्यावरण संतुलित हेतु हमारे जीवन वृक्षो का बहुत अधिक महत्वह है। इस अवसर पर पीडी धर्मजीत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार उपस्थित रहें।

कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं सहित हरियाली पुरुष विजय कुमार श्रीवास्तव को 23 स्वयंसेवको के साथ पौधरोपण करने, ग्रीन गुरुजी’’ द्वारा भी विभिन्न प्रजाति के फलदार एवं छायादार पौधों का पौधरोपण करने पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। डा0 सविता मेमोरियल विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा मुख्य अतिथियों का ड्रम वादन के साथ स्वागत किया गया। श्रीमती भागीरथी ट्रस्ट एवं आदर्श संतुष्टि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। सुरभि शोध संस्थान द्वारा कजरी गीत, नेपाली लोकनृत्य, आदिवासी लोकनृत्य एवं मणिपुरी लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त ’’ग्लेन हिल स्कूल’’ एवं ’’चुनार पी.जी. कॉलेज’’ द्वारा भी कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की गयी। मुख्य वन संरक्षक, मीरजापुर क्षेत्र, मीरजापुर द्वारा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त माननीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनसामान्य के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

जनपद के अन्य समस्त रेंजों में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मीरजापुर रेंज में लाल बहादुर सरोज जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, श्याम सुन्दर केसरी अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मीरजापुर, सभासदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण किया गया। सुकृत रेंज में सुरभि शोध संस्थान द्वारा 501 पीपल, पाकड़, बरगद, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इसके अतिरिक्त मड़िहान, चुनार, लालगंज, पटेहरा तथा ड्रमण्डगंज रेंजों में भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृहद स्तर पर रोपण किया गया।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!