0 टीबी मुक्त भारत’ का लिया गया संकल्प
0 राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अस्पताल के पुनीत कार्य की सराहना की
कछवा (मीरजापुर)। आदर्श नगर पंचायत कछवा स्थित कछवा क्रिश्चियन अस्पताल के तत्वावधान में 151 टीबी (क्षय) रोगियों का गोद ग्रहण एवं पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कछवा क्रिश्चियन अस्पताल द्वारा चलाए जा रहे इस सामाजिक व पुनीत कार्य की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘टीबी मुक्त भारत’ के सपने को साकार करने में स्वास्थ्य संस्थाओं और समाज का यह योगदान अत्यंत सराहनीय है। इस दौरान उपस्थित सभी गणमान्य लोगों एवं चिकित्सकों ने भारत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. के. के. मिश्रा मुख्य चिकित्सा अधिकारी मिर्जापुर, डॉ. अनिल कुमार ओझा जिला क्षय रोग अधिकारी, डॉ. सुधीर कुमार सिंह डिप्टी सीएमओ, डॉ. मुकेश प्रसाद डिप्टी सीएमओ, डॉ. सी. बी. पटेल — अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान चयनित 151 टीबी मरीजों को स्वास्थ्य सुधार और बेहतर पोषण हेतु ‘पोषण पोटली’ का वितरण किया गया, ताकि वे जल्द से जल्द इस बीमारी से उबर सकें।
इस अवसर पर कछवा क्रिश्चियन अस्पताल के प्रबंधक शंकर रामचंद्रन एवं डॉ. सुजय सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।





