News

बिनानी पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी, फुटबॉल व शतरंज प्रतियोगिता हुई आयोजित

मिर्जापुर। जी.डी. बिनानी पी.जी कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस (हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती) के अवसर पर महाविद्यालय प्रांगण में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के लिए कबड्डी, फुटबॉल एवं शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएएस महेंद्र सिंह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर, विशिष्ट अतिथि धर्मवीर यादव, क्षेत्रीय खेल अधिकारी मिर्जापुर, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह एवं खेलकूद प्रभारी जय प्रकाश सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कबड्डी स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। महिला एवं पुरुष दोनों खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट रणनीति और शारीरिक दक्षता का परिचय दिया।

छात्रों एवं बिनानी महाविद्यालय के स्टाफ के बीच मैत्री फुटबॉल मैच में मैच के दौरान टीम वर्क और बेहतरीन तालमेल के साथ खिलाड़ियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के प्रो सुशील त्रिपाठी एवं डा ऋषभ कुमार ने प्रतिभाग कर युवाओ को खेल के माध्यम से फिर रहने का संदेश दिया एवं प्रेरित किया।

शतरंज: दिमागी खेल शतरंज में प्रतिभागियों ने अपनी एकाग्रता और चालों से प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी। प्रथम स्थान पर प्रदुमन , द्वितीय पर उत्कर्ष खत्री एवं तृतीय पर सौरभ प्रजापति रहे।

मुख्य अतिथि ने विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल हमारे शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का विकास होता है।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व विजेता टीमों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, खेल प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!