मंझनपुर, प्रयागराज। मनौरी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल, एक हजार रुपये और बाइक बरामद की गई है।
31 अगस्त को पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ पिपरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर चुकी है। फरार आरोपी शकील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने टीमों का गठन किया था।
शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि 50 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी भागने की फिराक में है। सूचना पर मंझनपुर कोतवाल विनीत सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील सिंह की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दीवर कोतारी क्षेत्र में नौबस्ता गांव जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शकील पुत्र निजामुद्दीन, निवासी महमूदपुर मनौरी, थाना पिपरी बताया।
साथियों के साथ अवैध पटाखे बनाने का किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ आर्थिक लाभ के लिए महमूदपुर मनौरी स्थित अपने गोदाम में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बनाने व भंडारण का काम करता था। मामले में पिपरी थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा मंझनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।





