News

अंतर्राष्ट्रीय स्पाइनल कॉर्ड इंजरी दिवस पर एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल में निःशुल्क स्पाइन सर्जरी परामर्श शिविर

0 22 लोगों की हुई BMD जाँच, 42 मरीजों ने लिया निःशुल्क स्पाइन विशेषज्ञ परामर्श

चुनार, मिर्जापुर। अंतर्राष्ट्रीय स्पाइनल कॉर्ड इंजरी दिवस के अवसर पर एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल, चुनार में निःशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जाँच एवं स्पाइन परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। एपेक्स के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में “जागरूकता से सुरक्षा की ओर” संदेश पर केंद्रित इस शिविर में कुल 22 लोगों की निःशुल्क BMD जाँच की गई, जबकि 42 मरीजों ने निःशुल्क स्पाइन सर्जरी हेतु विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर में वरिष्ठ अस्थि एवं स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह एवं डॉ. संजीव सिंह ने मरीजों की जाँच कर रीढ़ संबंधी समस्याओं, हड्डियों की कमजोरी, ऑस्टियोपोरोसिस तथा स्पाइनल इंजरी से बचाव के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

विशेषज्ञों ने बताया कि ऑस्टियोपोरोसिस के कारण हड्डियाँ कमजोर हो जाती हैं, जिससे मामूली चोट, गिरने अथवा कुछ परिस्थितियों में छींकने जैसी सामान्य गतिविधियों के दौरान भी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर का जोखिम बढ़ सकता है। समय पर BMD जाँच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त कैल्शियम एवं विटामिन-डी तथा चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से हड्डियों की कमजोरी और उससे जुड़े जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है।

इस अवसर पर प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के प्रति जागरूकता, समय पर पहचान और उचित उपचार व्यक्ति को गंभीर जटिलताओं एवं दिव्यांगता के जोखिम से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि रीढ़ में लगातार दर्द, कमजोरी, सुन्नपन, चलने में कठिनाई अथवा संतुलन संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते स्पाइन विशेषज्ञ से परामर्श लें।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श शिविरों का उद्देश्य लोगों को हड्डियों और रीढ़ की समस्याओं के प्रति जागरूक करना तथा समय पर उचित चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!