News

शासन के मंशानुरूप मीरजापुर के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया संपूर्ण समाधान दिवस

तहसील चुनार में मंडलायुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं तहसील लालगंज में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आए हुए फरियादियों की सुनीं जन समस्याएं

प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण करने का मंडलायुक्त ने दिया निर्देश

तहसील दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का संतुष्टिपरक निस्तारण प्रतिशत बढ़ाएं अधिकारी – जिलाधिकारी

फीडबैक में असंतुष्ट मिलने पर होगी कार्रवाई, बोले जिलाधिकारी-शिकायतकर्ता को स्वयं फोन कर लें फीडबैक

मीरजापुर। शासन की मंशानुरूप जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उपस्थित होकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।तहसील चुनार में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान मंडलायुक्त के समक्ष कुल 107 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय सत्यापन एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसी क्रम में तहसील लालगंज में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुना। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 68 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करते हुए इसकी आख्या समय से उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा, तहसील दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जी स्वयं इसकी समीक्षा करते हैं। अधिकारी मौके पर जाएं, शिकायतकर्ता से मिलें और उसकी समस्या का समाधान करें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश करते हुए कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त हर प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लें, मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता के सामने ही निस्तारण करें।

निस्तारण आख्या में स्पष्ट और संतुष्टिपरक जवाब लिखें। निस्तारण के बाद अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता को फोन कर फीडबैक लें कि वह संतुष्ट है या नहीं। भूमि विवाद, राशन, पेंशन, चकबंदी और विद्युत से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतें और यह सुनिश्चित करें कि पात्र फरियादी को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की बाधा न आए।इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसीलों में यथा तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी भू0रा0 देवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष प्राप्त 70 प्रार्थना पत्र में से मौके पर पांच का निस्तारण एवं तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता के समक्ष प्राप्त 113 प्रार्थना पत्र में से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील लालगंज में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 कीर्ति कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!