News

शासन की मंशानुरूप जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया सम्पूर्ण समाधान दिवस; तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त 63 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 05 का किया गया निस्तारण

तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने आए हुए फरियादियों की सुनी समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का दिया निर्देश

मीरजापुर। फरियादियों को त्वरित, संतुष्टिपरक व गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाने के उद्देश्य से शासन की मंशानुरूप जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने आए हुए फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर जिलाधिकारी के समक्ष प्राप्त 63 प्रार्थना पत्रों में मौके पर 05 का निस्तारण करते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को इस निर्देश के साथ प्रेषित किया कि पूरी पारदर्शिता व गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए कि फरियादी को एक शिकायत के लिए बार-बार तहसील व जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

 जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक शासन से सीधे शिकायतकर्ता के दूरभाष पर वार्ता कर भी लिया जा रहा है अतएव शिकायतों का निस्तारण अधिकारी पूरी पारदर्शिता व गुणवत्तापूर्ण ढंग से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पैमाइश व कब्जे के प्रकरणों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम का गठन करते हुए मौके पर भेज कर दोनों पक्षों की उपस्थिति में प्रकरण को गम्भीरता पूर्वक सुनते हुए पीड़ित को न्याय दिलाए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील स्तर पर करने का उद्देश्य यही है कि शिकायतकर्ता को उसके तहसील पर उसकी समस्या का समाधान हो सके और उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

 उन्होंने आईजीआरएस में लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, वन विभाग, एलडीएम, विद्युत के अत्यधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने से जनपद की रैंक खराब होने पर निर्देशित किया कि सितम्बर माह के अवशेष दिनों में सुधार लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा से मकान, फसल प्रभावितों का सर्वे कराते हुए तत्काल लाभान्वित किया जाए।उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी पटेहरा कला को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को शत प्रतिशत योजना से आच्छादित किया जाए।

 उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रचार प्रसार के अभाव में कोई पात्र लाभार्थी योजना का लाभ पाने से वंचित रह गया है तो चौपाल आदि का आयोजन करते हुए लाभार्थियों को केन्द्र व प्रदेश सरकार की संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए वहीं पर उनका रजिस्ट्रेशन करवाते हुए जो लाभार्थी जिस योजना हेतु पात्र है उन्हें शत प्रतिशत उस योजना से आच्छादित किया जाए।उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन पर कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा पात्र व्यक्तियों का शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।

 इसी प्रकार जनपद के अन्य तहसीलों में यथा-तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी भू/रा विजेता के समक्ष प्राप्त 143 प्रार्थना पत्रों में से 19 का निस्तारण, तहसील चुनार में उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह के समक्ष प्राप्त 114 में 05 का निस्तारण, एवं तहसील लालगंज में उप जिलाधिकारी अजीत कुमार के समक्ष प्राप्त 58 प्रार्थना पत्रों में से 04 का निस्तारण किया गया।तहसील मड़िहान में उप जिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी मड़िहान, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!