शराबी के आतंक से परेशान लोगों ने थाने में किया शिकायत
हलिया, मीरजापुर। हलिया थाना के गुर्गी गांव में शराबी की हरकतों से परेशान लोगों ने ग्राम प्रधान के साथ थान पर पहुंचकर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि गांव का एक व्यक्ति अत्यधिक शराब पीकर गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमता है। नशे की हालत में वह वहां से गुजरने वाली महिलाओं, ग्रामीणों और ग्राम प्रधान को बिना किसी कारण के भद्दी-भद्दी गालियां देता है और जान से मारने की धमकी देता है।ग्रामीणों का कहना है कि उसके इस कृत्य से गांव का शांतिपूर्ण माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है और माताओं-बहनों व बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बताया गया कि इसकी सूचना सोमवार को 112 नंबर पर दी गई थी, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत करने वालों में रमेश कुमार मौर्य प्रधान गुर्गी, रामकली, शिवलाल, रेनू आदि शामिल हैं।


