News

प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 22.09.2026

*रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मिर्जापुर ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर थाना करारी पुलिस को सौंपा*

प्रयागराज मंडल के रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मिर्जापुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना करारी, जनपद कौशांबी में पंजीकृत प्रकरण से संबंधित लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

दिनांक 22.09.2026 को उप निरीक्षक अखिलेश कुमार राय हमराह हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान के साथ मिर्जापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान लगभग 06:35 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 01 के बुकिंग हॉल के पास एक नाबालिग बालिका डरी-सहमी अवस्था में मिली। महिला हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान द्वारा सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ किए जाने पर बालिका ने बताया कि वह घरवालों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से चली आई है।

बालिका द्वारा उपलब्ध कराए गए उसकी माता के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। उसकी माता ने बालिका की पहचान उम्र 15 वर्ष और निवासी ग्राम पथरा कला, थाना करारी, जनपद कौशांबी के रूप में की तथा बताया कि उसके संबंध में थाना करारी में प्राथमिकी दर्ज है।

इसके पश्चात थाना करारी से निरीक्षक संजय कुमार सिंह द्वारा दूरभाष पर पुष्टि की गई कि बालिका के संबंध में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 137(2) एवं 87 बीएनएस, दिनांक 21.09.2026 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। थाना पुलिस के अनुरोध पर बालिका को महिला हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान की देखरेख में सुरक्षित रखा गया।

बाद में थाना करारी पुलिस टीम से महिला कांस्टेबल अंकिता यादव, कांस्टेबल नितेन्द्र बघेल एवं कांस्टेबल अनुपम सिंह रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मिर्जापुर पहुंचे। उनके साथ बालिका की माता सरिता देवी एवं फुफेरा भाई नीरज चौधरी भी उपस्थित हुए। आवश्यक सत्यापन एवं औपचारिकताओं के उपरांत बालिका को समय 13:00 बजे थाना करारी पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया।

बालिका के पास से बरामद ₹460/- नगद, एक रेडमी मोबाइल फोन एवं एक पिट्ठू बैग, जिसमें पुराने कपड़े थे, को नियमानुसार सुपुर्दगी के माध्यम से थाना करारी पुलिस को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु सौंप दिया गया।

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मिर्जापुर की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों एवं संबंधित थाना पुलिस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!