वामन मेले में उमड़े श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर उठाया मेले का आनंद
0 सुहावने मौसम ने बढ़ाई मेले की रौनक
0 खिलौने-मिठाई की दुकानों पर रही चहल-पहल
0 पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा प्रशासन
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। नगर के दक्षिण दिशा मे अहरौरा बांध पर भगवान वामन जी मंदिर परिसर में बुधवार को आयोजित मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचने लगे। भक्तों ने भगवान वामन जी के मंदिर में दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, सुहावने मौसम के बीच मेले में पहुंचे लोगों ने परिवार के साथ घूमने-फिरने और विभिन्न मनोरंजन गतिविधियों का आनंद उठाया। मौसम अनुकूल रहने से मेला क्षेत्र की रौनक और खूबसूरती में भी इजाफा देखने को मिला।
नगर के दुर्गाजी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले तीज के कजरहवा मेले के आठवें दिन, यानी लगभग एक सप्ताह बाद अहरौरा बांध स्थित वामन जी महाराज के मंदिर पर लगने वाला यह मेला नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मोहल्लों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे। श्रद्धालु पहले भगवान वामन जी के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर मेले में घूमकर खरीदारी तथा मनोरंजन का आनंद लिए। मेले में बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें और झूले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चे झूलों का आनंद लेते नजर आए, वहीं मिठाई एवं अन्य सामानों की दुकानों पर भी लोगों की चहल-पहल बनी रही। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले में घूमने के साथ अपनी पसंद की वस्तुओं की खरीदारी की। मेले के दौरान श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं के लिए समाजसेवियों द्वारा प्रसाद वितरण किया गया।
इनसेट में…
विनय अग्रहरि के परिवार ने कराया भगवान वामन का भव्य श्रृंगार
मेले से पूर्व चौक बाजार निवासी विनय अग्रहरि के परिवार की ओर से भगवान वामन जी का भव्य श्रृंगार कराया गया। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया गया। पूजन-अर्चन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में भक्तिभाव के साथ लोगों ने सहभागिता की और भगवान वामन जी के दर्शन किए। नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्य, सभासद आनंद कुमार, संजय जायसवाल, प्रेम, आशीष, प्रमोद, प्रभु, ठेकेदार मनीष केशरी, हिमांशु केशरी, धीरज केशरी, शुभांशु तथा रानू अग्रहरि, मुरलीधर अग्रहरि सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष अजय मिश्रा एवं नगर चौकी प्रभारी आशीष सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे।





