बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
0 महाकाल हॉस्पिटल महुली चौराहा पर शव रखकर परिजनो ने किया हंगामा
0 पीड़ित की तहरीर पर महाकाल हॉस्पिटल के डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, शव रखकर परिजनों ने किया हंगामा
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के महुली चौराहा स्थित महाकाल हॉस्पिटल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद करीब 40 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति ने अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अहरौरा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजन महाकाल हॉस्पिटल महुली चौराहा पर शव रखकर हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जमालपुर क्षेत्र के भदावल निवासी भरोष पुत्र स्व. संतराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी अंजना देवी (करीब 40 वर्ष) के पेट में लगातार दर्द रहता था। वह पत्नी को फतेहपुर स्थित महाकाल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अशोक पटेल को दिखाने ले गए थे। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने की बात बताई।
तहरीर के अनुसार, चिकित्सक अंजना देवी को महुली चौराहा स्थित अस्पताल लेकर आए, जहां 28 सितंबर 2026 को बच्चेदानी का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत खराब होने पर डॉ. अशोक पटेल द्वारा उन्हें चितईपुर स्थित मेट्रो श्रीसीदेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में मैक्सवेल हॉस्पिटल, वाराणसी रेफर कर दिया गया।
पति के मुताबिक वाराणसी में उपचार के दौरान 2 अक्टूबर 2026 की शाम अंजना देवी की मौत हो गई। इसके बाद पति ने अहरौरा थाने में तहरीर देकर अस्पताल के डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर महाकाल हॉस्पिटल के संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


