मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मीरजापुर की परीक्षाएँ 18 नवंबर से प्रारंभ होंगी। परीक्षाओं के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर आज कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, परीक्षा तिथियों तथा परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नवंबर माह के तीसरे सप्ताह से प्रारंभ होने वाली परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा संपन्न कराने तथा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। समस्त दो पालियों में सम्पन्न होंगी। इसके साथ ही एलएलबी, बीएड एवं एमएड पाठ्यक्रमों की बैक पेपर तथा अंक सुधार परीक्षाओं के आयोजन से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध बनाने पर जोर देते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा की शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों से परीक्षा संचालन की सभी तैयारियाँ समय से पूर्ण करने तथा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही सभी महाविद्यालयों से यह अपेक्षा की गई कि वे अपने सभी पाठ्यक्रमों को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में राजकीय पी.जी. कॉलेज, मंगरहा, मीरजापुर के प्राचार्य डॉ. दिनेश यादव, राजकीय महाविद्यालय, मझवां के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव, प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, प्रो. देवेन्द्र पाण्डेय, प्रो. भवभूति मिश्र, कुलसचिव रामनरायन, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद एवं उपकुलसचिव अजित प्रताप सिंह उपस्थित रहे। ऑनलाइन माध्यम से प्रो. अशोक सिंह, प्रो. राज मोहन शर्मा, प्रो. माधवी शुक्ला एवं प्रो. रीना सिंह ने बैठक में सहभागिता की।




