छठ एवं कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर प्रशासन व समितियों की हुई बैठक
चुनार, मीरजापुर। छठ पूजा एवं स्नान पर्व कार्तिक पूर्णिमा को सकुशल संपन्न कराने बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागों एवं छठ पूजा समिति व चुनार क्लब के साथ संयुक्त बैठक बालूघाट स्थित नगर पालिका के रैन बसेरा में पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद की अध्यक्षता व एसडीएम अनेग सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गायत्री यादव की उपस्थिति में आयोजित हुई।
इस दौरान रेलवे फाटक देर तक बंद रहने से लगने वाले जाम को देखते हुए नगर में आने जाने के लिए अलग – अलग मार्ग सुनिश्चित करने, भीड़ को देखते हुए गंगाघाट से दूर वाहनों को खड़ी करने के लिए पार्किंग व्यवस्था, गंगा में स्नान के दौरान स्नानार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से नाविक एवं गोताखोरों की तैनाती एवं पेट्रोलिंग कर रही नावों पर महिला पुलिस की ड्यूटी लगाएं जाने के साथ ही आयोजन के दौरान निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में संज्ञान लेने का निर्देश दिया।पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पर्व पर साफ सफाई, गंगा में वैरीकेटिंग एवं प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था करायी जाएगी।
बैठक में अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव, प्रभारी चिकित्साधिकारी पीएचसी आर. के. पटेल, अपराध निरीक्षक सत्येंद्र यादव, कस्बा चौकी प्रभारी देवेन्द्र राय, अवर अभियंता विद्युत सत्यप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक मेजर सिन्हा, आरपीएफ इंस्पेक्टर राजीव राणा, सफाई निरीक्षक लालमणि यादव, सभासद सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, विकास कश्यप, गौतम बाबू जायसवाल, किशन मोदनवाल, ब्रह्मानंद कुशवाहा, चुनार क्लब के ई0 सर्वेस सिंह सुरेन्द्र सिंह, मनीष राय, रानी सेठ, रतन साहनी, धनेश सिंह नाविक रामबाबू सहित अन्य मौजूद रहे।





