सूर्योपासना के महापर्व पर घाटो पर बेदी बना घर वापस लौटी व्रती महिलाओं ने खरना की की पूजा
फोटोसहित
चुनार, मीरजापुर। सूर्य उपासना का महापर्व छठ का शुभारम्भ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुआ। व्रती महिलाओं ने सुबह गंगा स्नान कर पवित्रता के साथ शाम को लौकी और चावल का प्रसाद ग्रहण किया और इसके बाद से ही व्रत का संकल्प लेकर व्रत रही। घरों में छठ के गीतों की गूंज और प्रसाद की खुशबू से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शनिवार की शाम व्रती महिलाएं गंगा के पवित्र घाट पर पहुंच कर पूजा की बेदी बनाई। बेदी बनाने के बाद वापस घर पहुंच कर खरना की पूजा की। खरना में व्रती महिलाएं मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद बनाकर भगवान सूर्य को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला व्रत में रहेंगी। खरना की रोटी खाने के बाद व्रत और भी कठिन हो जाता है, लेकिन श्रद्धा और भक्ति के आगे व्रती महिलाएं इस कठिन व्रत को बड़े ही धैर्य और आस्था के साथ पूरा करती हैं। रविवार की शाम को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके लिए व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ गंगा घाट पर पहुंचेंगी और कमर भर पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। व्रती महिलाएं अपने पुत्रों की लंबी उम्र, पति की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए सूर्य भगवान से प्रार्थना करती है।महापर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद चुनार द्वारा नगर के प्रमुख घाटों पर विशेष तैयारियां की गई। बालूघाट, किला घाट, टेकौर, बहरामगंज, टम्मलगंज आदि घाटों की साफ-सफाई कराई गई। घाटों पर जाने वाले रास्तों को भी ठीक कराया गया है। घाटों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई, ताकि शाम और रात में व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पालिका प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घाटों पर साफ-सफाई बनाए रखें और प्लास्टिक का प्रयोग न करें।


