News

उदयाचलगामी भास्कर को दुग्ध का अर्घ्य दे धन्य हुईं व्रती महिलाएं
0 अर्ध्य देने के बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत समाप्त
चुनार, मीरजापुर। श्रद्धा और विश्वास का महापर्व छठ पूजा के आखिरी दिन सोमवार की भोर में व्रती महिलाओं ने उदयाचल भगवान भास्कर को दुग्ध का अर्घ्य देकर अपने व्रत को पूर्ण किया और धन्य हुईं। व्रतियो ने सूप मे जलते दीप, फल-फूल, गन्ना इत्यादि लेकर ढोल-तासे के साथ छठी मैया का गीत गाते हुए उत्तरामुखी पतित पावनी माँ गंगा के तट पर बने वेदी स्थल पर पहुंचीं। पूरी रात जागरण के बाद भी व्रतियों के चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि जोश व उत्साह दिखाई दिया। व्रती महिलाएं पुत्र प्राप्ति व उसकी लंबी उम्र की कामना और परिवार की खुशहाली की आस लिए पवित्र गंगा के जल में सूप व पूजन सामग्री लेकर खड़ी रहीं और उषा की पहली किरण देखने की बेताबी दिखी। उदयाचलगामी भास्कर की लालिमा जैसे ही दिखाई दी, श्रद्धालुओं में दुग्ध से अर्घ्य देने की होड़ लग गई। पूरा घाट छठी मैया के गीतों और जयकारों से गूंज उठा। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद बांटा और बड़ों का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत समाप्त हो गया। व्रती महिलाओं का कहना है कि छठी मैया सबकी मनोकामना पूरी करती हैं।
श्रद्धा और विश्वास के इस पावन पर्व की बेला पर नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष व्यवस्था के तहत बालूघाट, किलाघाट, शिवालाघाट, बहरामगंज घाट, टम्मलगंज घाट, रामसरोवर पोखरे पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओ को वस्त्र बदलने के लिए टेंट की पर्याप्त व्यवस्था के साथ भीड़ में बच्चे भटक कर इधर-उधर न चले जाएं, इसके लिए खोया-पाया केन्द्र की भी स्थापना की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर वैरिकेडिंग से बाहर जाने से रोकने के लिए मोटरवोट पर सवार पुलिस जल मे चक्रमण करती रही। कोतवाल अजय सेठ पुलिस बल के साथ पूजा परिसर मे चक्रमण करते रहे। नगर के तमाम संस्थानो के द्वारा अर्ध्य देने के लिए श्रद्धालुओ को निशुल्क दुग्ध व सेवा भाव से चाय विस्कीट का वितरण किया गया। इस दौरान पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद, चन्द्रहास गुप्ता, विजय बहादुर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव, तहसीलदार इवेन्द्र कुमार, सभासद करतार सिंह, ब्रह्मानंद कुशवाहा, विकास कश्यप, अधिशासी अधिकारी विजय कुमार यादव, सफाई निरीक्षक लालमणि यादव, प्रधान लिपिक शैलेश यादव, संतोष, राहुल, गौरव पाण्डेय, वकील अहमद आदि मौजूद रहे।

 

भोर होते ही घाटों पर उमड़ी व्रती महिलाओं ने संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की की कामना
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का सोमवार की सुबह श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। महापर्व के अंतिम दिन भोर होते ही अहरौरा क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु तथा खुशहाली की कामना की।
अहरौरा के पोखरा सहुवाईंन, अहरौरा बांध, दुर्गा जी मंदिर, रामसागर पोखरा, मीरापुर और खेमईपुर सहित विभिन्न घाटों पर तड़के से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई। महिलाएं बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। सूर्य की पहली किरण निकलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने पूजा संपन्न कर व्रत का पारण किया। इसी के साथ लोक आस्था के महापर्व का समापन हो गया।
छठ पूजा को लेकर नगर पालिका अहरौरा की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पानी और महिलाओं के वस्त्र बदलने की व्यवस्था की गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे। अधिक पानी होने के कारण गोताखोरों और नाव के माध्यम से सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं 399 मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी गुलाब मौर्य, जेई विकास कुमार, सभासद आनंद कुमार, प्रमोद मौर्य, अशोक मौर्य, आशीष अग्रहरि, महेंद्र सिंह अग्रहरि, प्रभु मौर्य, रिंकू सोनकर और सिद्धार्थ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!