News

99 परीक्षा केंद्रों पर 161 महाविद्यालयों की परीक्षाओं में लगभग 81 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल; परिक्षाएं पूर्णतः पारदर्शी एवं शुचिता पूर्ण होंगी: कुलपति

मीरजापुर।
माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ की अध्यक्षता में परीक्षा संचालन समिति की बैठक में 23 नवंबर से होने वाली स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं की तैयारियों तथा परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहाकि परीक्षाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए।

परीक्षा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है तथा इसकी गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।

परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध 161 महाविद्यालयों की परीक्षाएं 99 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं, जिनमें लगभग 81 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन तथा परीक्षा केंद्रों तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 20 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मीरजापुर जनपद में 11, सोनभद्र में 5 तथा भदोही जनपद में 4 नोडल केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक एवं सहायक केंद्राध्यक्ष के अतिरिक्त किसी भी कर्मचारी, परीक्षार्थी अथवा कक्ष निरीक्षक के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। कुलसचिव रामनारायण, वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र, परीक्षा समन्वयक प्रो. देवेंद्र पांडेय, उप कुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, सहायक कुलसचिव आलोक कुमार एवं राजकीय महाविद्यालय मझवां के प्राचार्य प्रो. सूबेदार यादव उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!