News

दिल्ली पब्लिक स्कूल भरूहना में संविधान संवाद एवं पॉक्सो अधिनियम पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन एवं जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर के मार्गदर्शन में दिल्ली पब्लिक स्कूल, भरूहना, मीरजापुर में संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

उक्त कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश श्रीमती ऋचा जोशी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आनंद कुमार- ।। एवं लीगल एड डिफेन्स काउंसिल योगेश कुमार द्विवेदी द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार- ।। द्वारा विशेष रूप से लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की पहचान, उनसे बचाव, बच्चों की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में शिकायत एवं विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है तथा किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी होने पर चुप न रहकर उचित प्राधिकारी को सूचित करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल आदर्शों पर भी प्रकाश डाला गया तथा विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक एवं अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ बाल संरक्षण संबंधी कानूनों की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!