निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, मालखाना, हवालात, मैस, बैरक आदि का निरीक्षण कर विभिन्न रजिस्टरों/अभिलेखो को अद्यावधिक करने हेतु दिए गए निर्देश
सोनभद्र।
आज दिनांक 21.11.2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र, मीरजापुर “पूनम” द्वारा जनपद सोनभद्र के थाना घोरावल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कक्ष, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय एवं थाना परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासन एवं समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा थाना घोरावल परिसर स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता एवं परामर्श से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त नियमित पैदल गश्त, रात्रि चेकिंग/गश्त तथा अपराधियों पर सतत निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही यातायात माह के अन्तर्गत सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराते हुए आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने एवं हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा व अन्य यातायात नियमों के पालन हेतु व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी घोरावल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।





