News

कभी गांवों और कस्बों की जीवनरेखा रहे तालाब आज खुद अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे, जिम्मेदारों की अनदेखी से बिगड़ रही तस्वीर

जीवनदायी तालाबों की हालत मरणासन्न, जलकुंभी से पटे जलस्रोत
कछवा, मीरजापुर। गांवों और कस्बों की पहचान माने जाने वाले जीवनदायी तालाब आज बदहाली के दौर से गुजर रहे हैं। कभी ये तालाब ग्रामीण जनजीवन और पशु-पक्षियों के लिए वरदान हुआ करते थे, लेकिन आज इनकी स्थिति मरणासन्न हो गई है। अधिकांश तालाबों में जलकुंभी का कब्जा है। देखते ही देखते पानी से लबालब रहने वाले तालाब हरे रंग की जलकुंभी से पट गए हैं।

तालाबों का उपयोग कभी ग्रामीण पेयजल की जरूरतों, पशुओं को पानी पिलाने, नहाने-धोने और खेतों की सिंचाई जैसे कार्यों में होता था। गर्मी के दिनों में पशु-पक्षियों के लिए भी ये तालाब जीवन का आधार हुआ करते थे। लेकिन समय के साथ इनकी साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था कमजोर पड़ती गई। परिणामस्वरूप आज तालाब अपनी पहचान खोते जा रहे हैं।

तालाबों में फैली जलकुंभी न केवल उनकी सुंदरता को खत्म कर रही है, बल्कि पानी की गुणवत्ता और जलीय जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। कई स्थानों पर तालाबों का पानी दिखाई तक नहीं देता। चारों तरफ फैली जलकुंभी इनके अस्तित्व पर सवाल खड़े कर रही है।

विडंबना यह है कि जल संरक्षण और तालाबों के पुनर्जीवन की बातें तो होती हैं, लेकिन धरातल पर इन जलस्रोतों की बदहाली दूर होती नजर नहीं आ रही है।

अब सवाल यह है कि आखिर तालाबों की पुकार कब सुनी जाएगी? कब इनकी सफाई होगी? कब जलकुंभी हटाकर इन्हें पुराने स्वरूप में लौटाया जाएगा? जरूरत है कि संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन तालाबों की सुध लें, नियमित सफाई कराएं और इनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी इन जीवनदायी जलस्रोतों का लाभ मिल सके।

लोगों की आधुनिकता ने तालाबों को निष्प्रयोज्य बना दिया गांवों और कस्बों के लोग जब से समरसेबल से पानी लेने लगे तब से तालाबों में बस्तियों का गंदा पानी हजारों लीटर प्रतिदिन डाले जा रहे हैं। यहां तक की शौचालयों का पानी तक तालाबों में डाला जा रहा है। लोगों का एकांगी विकास तालाबों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा है। तालाबों के जीवन खतरे में पड़ने से कुंओं का भी अस्तित्व समाप्त हुआ है। कुंओं का जल श्रोत जो तालाबों से मिलता था वो तालाबों में भरे गाद और जलकुंभी से बंद हो चुका है जिससे कुंएं तो मृतप्राय हो चुके हैं अब बारी तालाबों की है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!