मत्स्य पालकों के विकास के लिए सरकार कटिबद्ध – संजय कुमार निषाद
निषाद समुदाय को शिक्षा से जोड़कर समाज की मुख्य धारा में लाना उद्देश्य- अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने पर दिया बल
मंत्री मत्स्य विभाग संजय निषाद ने जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति के बारे में ली जानकारी
मीरजापुर। प्रदेश के मंत्री मत्स्य विभाग संजय कुमार निषाद ने आज जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों के साथ बैठक कर मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में मत्स्य पालक, व निषाद समाज के प्रबुद्धजन और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मत्री मत्स्य विभाग संजय कुमार निषाद ने कहा कि मत्स्य पालकों के विकास के लिए सरकार कटिबद्ध है। केंद्र व प्रदेश सरकार मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए तालाबों के पट्टे, मछली पालन के लिए अनुदान, प्रशिक्षण, बीमा और बाजार की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालक अपनी आय बढ़ाएं, इसके लिए सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
मंत्री ने कहा कि निषाद समुदाय को शिक्षा से जोड़कर समाज की मुख्य धारा में लाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।
इस दौरान मंत्री ने निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने पर भी बल दिया।बैठक में मत्स्य पालकों ने अपनी समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मत्स्य पालक का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
उन्होंने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मत्स्य पालन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचे। तालाबों के आवंटन में पारदर्शिता बरती जाए, और मत्स्य पालकों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे आधुनिक तकनीक से मछली पालन कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।बैठक में मत्स्य विभाग के अधिकारी व निषाद समाज उपस्थित रहे।




